एमपी युवक कांग्रेस के अध्यक्ष बने विक्रांत भूरिया
भोपाल। मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस को पांच साल बाद अपना नया अध्यक्ष मिला है। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया बन गए हैं। वे पहले आदिवासी नेता हैं, जो युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए है। उन्होंने प्रतिद्वंदी संजय सिंह को 20420 वोट से हराया है। भूरिया को कुल 40850 वोट प्राप्त हुए हैं।
आपको बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में कुल 9 उम्मीदवार थे। अध्यक्ष के बाद संजय सिंह को सबसे अधिक 20430 वोट मिले, उन्हें वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अजीत बोरासी, प्रतिमा मुदगल और विपिन वानखेड़े को उपाध्यक्ष पद से संतोष करना पड़ा। मध्य प्रदेश में अब तक मुकेश नायक, राजकुमार पटेल, मीनाक्षी नटराजन, प्रियव्रत सिंह, कुणाल चौधरी युवक कांग्रेस अध्यक्ष बन चुके हैं।
विवेक त्रिपाठी सहित अध्यक्ष पद के 6 उम्मीदवारों को सचिव बनाया गया है। युवक कांग्रेस के नव निर्वाचित अध्यक्ष विक्रांत भूरिया विधानसभा चुनाव हार चुके हैं। पार्टी ने वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में झाबुआ से टिकट दिया था, लेकिन वे भाजपा के जीएस डामोर से हार गए थे। इसके बाद डामोर सांसद बन गए। जब यह सीट खाली हुई तो विक्रांत के पिता कांतिलाल भूरिया चुनाव जीत कर विधायक बन गए।